तालग्राम(कन्नौज)। राजकीय कृषि बीज भंडार पर एनएफएसएम (राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन) योजना के अंतर्गत एक एकड़ से कम जोत बही वाले किसानों को सरसों बीज नि:शुल्क मिलेगा। गेहूं बीज 50 फीसदी अनुदान पर उपलब्ध है। अभी तक 325 किसानों को बीज दिया जा चुका है।
तिलहन फसलों को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग की ओर से सीमांत कृषकों को मुफ्त में सरसों बीज उपलब्ध कराया जाएगा। तालग्राम ब्लाक को 12 क्विंटल सरसों बीज मिला है। दो किलो प्रति किसान के हिसाब से वितरण किया जाएगा। गेहूं एचडी 2967 व 3086, पीबी डब्ल्यू 723, डब्ल्यू बी टू प्रजातियों के गेहूं बीज गोदाम पर उपलब्ध हैं। इन पर 50 फीसदी अनुदान है।
राजकीय बीज भंडार प्रभारी विनय शर्मा ने बताया कि शासन की ओर से लाभ दिया जा रहा है। इसके लिए किसान का कृषि विभाग में पंजीकरण जरूरी है। आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, खतौनी देनी होगी। अभी तक 325 किसानों को बीज दिया जा चुका है। गेहूं बीज भी उपलब्ध है।