कन्नौजगुगरापुर। बारिश और घने कोहरे के बाद मंगलवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहने से जनजीवन प्रभावित रहा पर दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप निकलने से लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिली। इस बदलते मौसम का सीधा लाभ खेतों में खड़ी रबी की फसलों को मिला है, जिससे किसानों के चेहरे पर खुशी देखी जा रही है।
सुबह आठ बजे तक घना कोहरा छाया रहा। इसी बीच अचानक तेज बारिश भी शुरू हो गई। कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों की दृश्यता अत्यंत कम हो गई थी, जिसके चलते वाहनों की गति धीमी हो गई। चालकों को हेडलाइट जलाकर और अत्यधिक सावधानी बरतते हुए सफर तय करना पड़ा। हालांकि, दोपहर होते-होते कोहरा छंटने लगा और धूप खिल आई। दिनभर मौसम साफ रहने के कारण तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। दिन में 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से सर्द हवाएं चलीं, लेकिन धूप की मौजूदगी से लोगों को काफी राहत मिली। शाम ढलते ही एक बार फिर हल्की ठंडक महसूस होने लगी।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है और कोहरे के छाने की आशंका भी कम बताई जा रही है। न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। कृषि वैज्ञानिक डॉ. वीके कनौजिया ने बताया कि धूप निकलने से फिलहाल फसलों को नुकसान की संभावना नहीं है और मौसम खेती के लिए पूरी तरह अनुकूल है। वहीं, मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरेंद्र कुमार ने भी कहा कि आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि दर्ज की जाएगी।