छिबरामऊ। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में गुरुवार को वन महोत्सव का शुभारंभ किया गया। वन विभाग के अधिकारियों एवं डाइट प्राचार्य डॉ. अमित कुमार ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही, प्रशिक्षुओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए पौधरोपण बेहद आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।
डायट प्राचार्य ने डीएलएड प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भावी शिक्षकों की जिम्मेदारी केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना भी उनका दायित्व है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपने-अपने क्षेत्रों में पौधरोपण अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। इस दौरान प्रवक्ता राजेश वर्मा, अंजलि मिश्रा, फरहत शमशाद, नीतू आदि मौजूद रहे।