कन्नौज। जिले में प्रशासनिक फेरबदल के तहत पीलीभीत से स्थानांतरित होकर आए नवागंतुक मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने सोमवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। 37 दिन बाद जिले को सीडीओ मिले हैं, जिससे अब रुके हुए विकास कार्यों के पूरे होने की उम्मीद जगी है।
कार्यभार संभालते ही नए सीडीओ एक्शन मोड में नजर आए और उन्होंने जिले के विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए नए सीडीओ ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि जनपद में चल रही शासकीय योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। सीडीओ ने विकास भवन के सभी पटल प्रभारियों और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ एक बैठक भी की। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।