सौरिख। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मियों ने मानदेय न मिलने पर काला फीता बांधकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार के समक्ष अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए मानदेय भुगतान की मांग की है।
ब्लॉक सौरिख में पंकज वर्मा जिलाध्यक्ष, एनएचएम के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। वहीं, ब्लॉक हसेरन में नीरज प्रताप सिंह ने कर्मचारियों का नेतृत्व किया। कहा कि लगातार तीन महीने से वेतन न मिलने के कारण उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की स्कूल फीस और घर का किराया देना तक मुश्किल हो गया है।
ब्लॉक तालग्राम में विपिन पाल और नीरज के नेतृत्व में विरोध दर्ज कराया गया। छिबरामऊ में अभिषेक बाजपेयी के नेतृत्व में कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर प्रदर्शन किया। विनोद दीक्षित चिकित्सालय में पवन श्रीवास्तव और ऋतुराज सिंह के नेतृत्व में विरोध किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों ने भी कृष्णकांत कुशवाहा के नेतृत्व में अपनी मांगें रखीं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनका बकाया वेतन जारी नहीं किया गया, तो वह कार्य बहिष्कार करेंगे।