कन्नौज। एडीजी जोन आलोक सिंह व डीआईजी कानपुर रेंज हरीश चंदर ने शुक्रवार को यहां पुलिस आफिस में फरियादियों को सुना। इस दौरान महिला उत्पीड़न के मामलों में हीलाहवाली की बात सामने आते ही एडीजे ने गुरसहायगंज कोतवाल और तालग्राम थानाध्यक्ष को हटा दिया और एसपी को नए थाना प्रभारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। एसपी विनोद कुमार का कहना है कि जनहित के काम न करने तथा महिला संबंधी अपराधों में लापरवाही पर दोनों को एडीजी जोन के निर्देश पर हटाया गया है।
केस : एक
फोटो :21: इंस्पेक्टर कपिल दुबे।
अश्लील वीडियो के सबूत पर भी कोतवाल ने नहीं की कार्रवाई गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की महिला ने एडीजी को बताया कि 27 अक्तूबर को शाम सात बजे रंजिश के चलते गांव के एक युवक ने निर्वस्त्र होकर उसके सामने अश्लीलता की। महिला ने मोबाइल से इसका वीडियो बनाया और कोतवाली पहुंचीं। कोतवाल कपिल दुबे को वीडियो दिखाकर तहरीर भी दी। इसके बाद भी उन्होंने कार्रवाई नहीं की। एडीजी ने यही वीडियो देखकर तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराके कोतवाल को हटा दिया।
केस : दो
फोटो :22: उपनिरीक्षक शशिकांत कनौजिया।
एसओ को भारी पड़ी किशोरी के अपहर्ताओं से घूसखोरी
तालग्राम थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी का गांव के ही एक युवक ने अपहरण कर लिया। तालग्राम थानाध्यक्ष शशिकांत कनौजिया ने रिपोर्ट तो दर्ज की, पर रुपये लेकर आरोपियों को अभयदान दे दिया। इसका खुलासा तब हुआ जब आरोपी युवक के पिता का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें वह थानाध्यक्ष को रुपये देने की बात कबूल रहा है। किशोरी की मां ने एडीजी को आडियो सुनाया और रोते हुए बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाने गई तो थानाध्यक्ष ने बेइज्जत कर भगा दिया। इस पर एडीजी ने थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से हटा दिया।