छिबरामऊ। ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने शुक्रवार को दिवंगत अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी के घर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी तथा परिजन को ढांढस बंधाया। उन्होंने इस जघन्य हत्याकांड की घोर निंदा करते हुए कहा कि हत्यारोपियों के खिलाफ प्रशासन कार्रवाई करेगा। सरकार पीड़ित परिवार के साथ है। इस दौरान गणेश शंकर चतुर्वेदी, रवि शंकर चतुर्वेदी, जिला पंचायत सदस्य प्रमोद राजपूत आदि मौजूद रहे।
लाइब्रेरी हॉल में वकीलों ने दी अनुज को श्रद्धांजलि
बार एसोसिएशन के लाइब्रेरी हॉल में स्व. अनुज चतुर्वेदी एडवोकेट को वकीलों द्वारा श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान वकीलों ने हत्याकांड की निंदा करते हुए सरकार से पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक धनराशि दिलाए जाने की मांग की। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव जीतू ने कहा कि वकीलों की सुरक्षा इस समय सबसे बड़ा मुद्दा है। उन्होंने प्रशासन से वकीलों को शस्त्र लाइसेंस दिए जाने की मांग की। इस दौरान उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के उपाध्यक्ष अनुराग पांडेय, कन्नौज जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामेंद्र त्रिवेदी, पूर्व अध्यक्ष रामचंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।