तिर्वा। नगर विभाग की जमीन पर जिला पंचायत सदस्य दिगंबर सिंह यादव व कुछ अन्य के कब्जा करने की पुष्टि प्रशासनिक जांच में हुई। शिकायत पर रविवार को जांच करने पहुंची टीम ने पैमाइश कराकर तीन कब्जेदारों को चिह्नित किया है।
थाना इंदरगढ़ के ब्लाक हसेरन के गेट के पास से निकली निचली गंग नहर के किनारे की भूमि नहर विभाग की है। नहर विभाग की ओर से शिकायत की गई थी कि उनकी जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर निर्माण करा लिया है। नहर विभाग ने पैमाइश कर भूमि खाली कराने की मांग की गई। रविवार को तहसील प्रशासन ने राजस्व टीम के साथ हसेरन पहुंच कर नहर विभाग की भूमि की पैमाइश कराई। तहसीलदार अनिल कुमार सरोज ने बताया कि पैमाइश में जिला पंचायत सदस्य दिगंबर सिंह यादव व अन्य कुछ लोगों का कब्जा है। निर्माण कार्य भी करा लिया गया है।
दूसरी ओर जिला पंचायत सदस्य दिगंबर सिंह यादव का कहना है कि उन्होंने किसी प्रकार से कोई भूमि पर कब्जा नहीं किया है। प्रशासन भाजपा नेताओं के इशारे पर काम कर रहा है। उन्हें झुकाना चाहता है लेकिन प्रशासन के किसी दबाव में वह अपने आप को झुकने नहीं देंगे।