पुलिस लाइन में दबंगई के बलबूते कई महीनों से अवैध तरीके से कब्जा जमाकर रहने वाले पुलिस कर्मियों की रविवार को शामत आ गई। एसपी कलानिधि के आदेश पर प्रतिसार निरीक्षक ने अभियान चलाकर करीब तीन दर्जन आवास खाली कराए।
रविवार को प्रतिसार निरीक्षक कृपाशंकर कनौजिया सुबह 11 बजे दल बल के साथ पुलिस लाइन पहुंचे। यहां करीब एक सैकड़ा से पुलिस वाले अनधिकृत रूप से रहते मिले। कुछ तो रिटायर होने के बावजूद कमरों में ताले डाले थे। तत्काल ऐसे वालों के कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखा सामान बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद आरआई ने आवासों को अपनी देखरेख में लिया। इससे पुलिस कर्मियों की फैमिली ने राहत की सांस ली।
एसपी ने फरमान जारी किया है कि जो पुलिस कर्मी परिवार के साथ रहते हैं वही आवासीय पुलिस लाइन में रहेंगे। सिंगल जवान बैरक में जाकर रहेंगे। अभियान के लगभग सौ पुलिस कर्मियों के आवास खाली कराने से हड़कंप मच गया। प्रतिसार निरीक्षक की मानें तो कई बार निर्देश के बावजूद उक्त लोग नहीं माने।
ऐसी स्थिति में सख्ती के साथ कार्रवाई की गई। एसपी ने आदेश दिए हैं कि यदि दोबारा कब्जा कोई पुलिस कर्मी करे तो फौरन उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। खाली हुए आवास में उन पुलिस कर्मियों को बसाया जाएगा जो परिवार समेत ड्यूटी करने आए हैं।