कन्नौज बिना पंजीकरण क्लीनिक संचालित करने वाले झोलाछापों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई शुरू की है।
ठठिया थाने में एक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। छह अन्य संचालकों पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए गुरुवार को तहरीर दी जाएगी। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम मोहन तिवारी ने बताया कि पिछले दिनों ठठिया क्षेत्र के भुन्ना गांव में छापा मारा था।
यहां एक झोलाछाप क्लीनिक चलाता मिला। 16 मई तक कार्यालय में प्रमाण पत्र लेकर आना था। वह नहीं आया। इस पर संबंधित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। वहीं जलालपुर पनवारा में दो क्लीनिक संचालकों, जसोदा में एक, गोवर्धनी चौराहे के पास तीन क्लीनिक संचालकों को नोटिस दिए जा चुके हैं।
इनसे शैक्षिक प्रमाण पत्र मांगे गए थे। समय निकल जाने के बाद भी प्रमाणपत्र नहीं दिए। इन पर एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी जाएगी।