कन्नौज। विकास भवन स्थित कार्यालयों का शुक्रवार सुबह सीडीओ रामकृपाल चौधरी ने निरीक्षण किया। छह अफसर और 13 कर्मचारी गैरहाजिर मिले। कई कार्यालयों में गंदगी पर नाराजगी जताई। सीडीओ ने गैरहाजिर मिले सभी अफसरों और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए एक दिन का वेतन रोकने और साफ-सफाई के निर्देश दिए हैं।
विकास भवन के कार्यालयों का सुबह 10:15 बजे सीडीओ ने निरीक्षण करना शुरू किया। समाज कल्याण विभाग की उपस्थिति पंजिका में सहायक प्रबंधक विनीत सिंह के एक और दो जुलाई को हस्ताक्षर नहीं थे। पशु विभाग से कनिष्ठ सहायक राजकुमार, कनिष्ठ लिपिक रेनू यादव गैरहाजिर थे। कार्यालय में साफ-सफाई ठीक नहीं मिली। निबंधन सहकारिता के सहायक आयुक्त राजीव लोचन शर्मा गैर हाजिर थे। सफाई व्यवस्था ठीक नहीं थी। उद्यान विभाग से माली रमेश चंद्र गैर हाजिर थे और कार्यालय में साफ-सफाई नहीं थी।
भूमि संरक्षण कार्यालय में सफाई व्यवस्था ठीक नहीं थी। डीपीआरओ राजेंद्र सिंह नदारद मिले। कार्यालय में संविदा पर तैनात डीसी अनूप बाजपेई, डीसीएम अमितेष पाठक गायब थे। कार्यालय में कुर्सी टूटी, अलमारियों में रखरखाव सही नहीं था। ग्रामीण अभियंतण कार्यालय के प्रधान सहायक विजय कुमार दो दिनों से अनुपस्थित थे। मत्स्य कार्यालय में कनिष्ठ सहायक वेदप्रकाश राय गैरहाजिर थे। प्रोबेशन कार्यालय में कनिष्ठ सहायक आर्यन सिंह गायब थे। अपर अर्थ संख्याधिकारी नदारद थे। कृषि रक्षा कार्यालय से कनिष्ठ सहायक ईशा नदारद थीं। कृषि अधिकारी आवेश सिंह गैरहाजिर मिले और कर्मचारी कार्यालय में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं मिली। लघु सिंचाई कार्यालय में सहायक अभियंता डॉ. शिखा सचान, कनिष्ठ सहायक प्रीत कटियार, शिवराज सिंह, पत्रवाहक ऐनुल आबदीन गैर हाजिर मिले।