वेबसाइट लांच करते एडी बेसिक व श्री अरविंद सोसायटी के ऑपरेशन हेड मयंक अग्रवाल।
- फोटो : अमर उजाला
कन्नौज/तालग्राम। देश-विदेश के विख्यात विश्वविद्यालयों और कालेजों की वेबसाइट के बारे में तो सभी ने सुना होगा लेकिन ये पहला अवसर है जो किसी प्राथमिक विद्यालय ने अपनी वेबसाइट की शुरुआत की है। यह प्राथमिक विद्यालय तालग्राम का है। जिसे ये उपलब्धि श्री अरविंद सोसाइटी की मदद से मिली है। अब घर बैठे कोई भी इस विद्यालय की शिक्षा पद्धति से लेकर अन्य जानकारियां हासिल कर सकता है। वेबसाइट को लांच करने के पीछे सोसाइटी और विद्यालय के टीचरों का मुख्य उद्देश्य नवाचार के लिए अन्य स्कूलों को प्रेरित करना है। तालग्राम प्राथमिक विद्यालय ने अपने यहां प्रदेश स्तर पर मान्यता पाने वाले सभी 11 नवाचारों को लागू किया है।
बीते गुुरुवार को श्रीअरविंद सोसाइटी की ओर से इलाहाबाद के राजकीय इंटर कालेज में शून्य निवेश नवाचार प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था। इसका शुभारंभ इलाहाबाद के मंडलायुक्त डा. आशीष गोयल ने किया। प्रदर्शनी का मुख्य केंद्र रहा प्राथमिक विद्यालय तालग्राम की वेबसाइट (httpÑ//upschools.net/pvtaalgram/) को लांच करना। जिसे एडी बेसिक रमेश कुमार तिवारी ने लांच किया। इस वेबसाइट के माध्यम से अब विद्यालय से सारी गतिविधियों को घर बैठे देखा जा सकेगा।
प्रदर्शनी में मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर द्वारा शिक्षकों को दिए गए संदेश का वीडियो भी दिखाया गया। डायट प्राचार्य प्रतापगढ़ बीएन सिंह, संजय कुशवाहा इलाहाबाद, महाराज स्वामी(कौशांबी) की उपस्थिति में सैकड़ों शिक्षकों ने प्रदर्शनी में प्रतिभाग किया था। इस दौरान तालग्राम प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक आशुतोष दुबे को नवाचारो को सुचारू रूप से उत्तर प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में क्रियान्वित करने तथा विभिन्न राज्यों के शिक्षकों को इसके लिए प्रोत्साहित करने के लिए एडी बेसिक ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया। तालग्राम का बाल संसद भी सम्मानित हुआ।
डिजिटल इंडिया का सपना हो रहा साकार
श्रीअरविंद सोसायटी के ऑपरेशन हेड मयंक अग्रवाल ने बताया कि डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने के लिए स्कूलों को डिजिटल प्लेटफार्म दिया जा रहा है। इसके अंतर्गत एक पोर्टल तैयार किया गया है। इसमेंसमस्त11 नवाचारों को क्रियान्वित करने वाले विद्यालयों की वेबसाइट बनाई जाएगी। पहली वेबसाइट तालग्राम प्राथमिक विद्यालय की लांच की गई है।
कान्वेंट स्कूलों के बच्चे भी हो रहे आकर्षित
तालग्राम की खंड शिक्षाधिकारी नीलम वर्मा का कहना है तालग्राम परिषदीय स्कूल में 11 नवाचारों के लागू होने से कान्वेंट स्कूलों के बच्चे भी इस ओर आकर्षित हो रहे हैं। तालग्राम प्राथमिक विद्यालय में 300 नामांकन होने से बच्चो की संख्या मे वृद्धि एक रिकार्ड है। स्कूल के प्रति अभिभावकों में भी रुचि बढ़ी है। इससे पहले संकुल प्रभारी संदीप कनौजिया, सहसमन्यवक व खंड शिक्षाधिकारी भी इस स्कूल को प्रशस्ति-पत्र दे चुके हैं।