विशुनगढ़। दिल्ली से लौटे युवक में एक माह बाद कोरोना के लक्षण नजर आए। आसपास के लोगों में दहशत व्याप्त हो गई। सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य टीम ने उसे सौ शय्या अस्पताल के आइशोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया। जांच के लिए सैंपल सैफई मेडिकल कालेज भेजा गया है।
कस्बा विशुनगढ़ में एक युवक 27 मार्च को दिल्ली से आया था। 14 दिनों तक गांव के अस्थाई क्वारंटीन सेंटर में रहने के बाद युवक को उसके घर भेज दिया गया। शनिवार को बुखार, खांसी व जुकाम के साथ उसके गले में सूजन आ गई और सांस लेने में परेशानी होने लगी। यह जानकारी कस्बे में फैल गई और लोगों में दहशत हो गई। कस्बे के लोगों की सूचना पर देर रात स्वास्थ्य टीम मौके पर पहुंच गई और युवक को साथ ले आई। प्रथम दृष्टया कोरोना संक्रमण के लक्षण देख स्वास्थ्य टीम ने उसे सौ शय्या अस्पताल के आईशोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया, जहां कोरोना नोडल अधिकारी डा. अभिषेेक कटियार की देखरेख में युवक का सैंपल लेकर जांच के लिए आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय मेडिकल कालेज सैफई भेज दिया गया।