कन्नौज। हरदोई से सब्जी बेचने मंडी समिति आ रहे बाइक सवार किसान को जीटी रोड पर वैन ने टक्कर मार दी। इससे घटनास्थल पर ही किसान की मौत हो गई। हादसे की जानकारी लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता ने सदर कोतवाली में हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हरदोई जनपद के थाना मल्लांवा के गांव राघवपुर निवासी रीतेश (23) पुत्र पवन कुमार गुरुवार सुबह करीब चार बजे बाइक से नवीन मंडी स्थल सरायमीरा कन्नौज सब्जी बेचने आ रहा था। तभी नवीन मंडी स्थल के सामने जीटी रोड पर कन्नौज की ओर से तेज रफ्तार में आ रही वैन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में किसान रीतेश गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर दम तोड़ दिया।
हादसे की जानकारी लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता पवन कुमार की तहरीर पर पुलिस ने हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर वैन चालक की तलाश में छानबीन शुरू कर दी है। सदर कोतवाल नागेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि जिले की सीमा सटे हरदोई जनपद के लोग शहर में सब्जी बेचने आते हैं। सब्जी बेचने आ रहे किसान की वैन की टक्कर से मौत हो गई। किसान के पास हेलमेट नहीं मिला।