कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते अभिभावक समिति के पदाधिकारी।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। अभिभावक समिति के पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर कोरोना काल में स्कूल फीस माफ करने की मांग की। पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री और शिक्षामंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त एसडीएम को सौंपा।
बुधवार को कन्नौज अभिभावक समिति के अध्यक्ष पवन त्रिवेदी के नेतृत्व में पदाधिकारी हाथों में नो स्कूल, नो फीस लिखी हुई तख्ती लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां स्कूलों की ओर से बच्चों की मांगी जा रही फीस के विरोध में प्रदर्शन किया। अध्यक्ष पवन त्रिवेदी ने कहा कि कोरोना काल में आर्थिक दंश से हर वर्ग कराह रहा है। ऐसे में स्कूल प्रबंधक ऑनलाइन पढ़ाई के नाम पर अभिभावकों से फीस जमा करने का दबाव बना रहे हैं। वहीं उपाध्यक्ष सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि कोरोना काल में बच्चों को कुछ भी नहीं पढ़ाया गया है। इसके बाद भी स्कूल प्रबंधक फीस मांग रहे हैं। पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री और शिक्षामंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट रामदास को सौंपा। इसमें कहा कि जनहित में स्कूलों की ओर से फीस मांगने के दबाव पर रोक लगाएं।
इस दौरान विनय प्रजापति, राजेश द्विवेदी, अनीश स्वरूप सक्सेना और नीरज गुप्ता मौजूद रहे।