कन्नौज। पंचायत चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराने के लिए पुलिस महकमा सोशल साइट पर भी नजर रखेगा। हर थाने में मुंशी फेसबुक की निगरानी करेंगे। भ्रम फैलाने वाली पोस्ट मिलने पर अधिकारियों को रिपोर्ट करेंगे।
एसपी प्रशांत वर्मा ने सभी थाना और कोतवाली प्रभारियों को पंचायत चुनाव को लेकर अहम निर्देश जारी किया है। इसके मुताबिक थानों में कंप्यूटर पर काम करने वाले लिपिक कर्मचारी (मुंशी) के नाम से फेसबुक आईडी बनाई जाएगी। एक थाने में कम से कम पांच मुंशी की आईडी बनेगी। यह कंप्यूटर पर काम करने के दौरान समय-समय पर फेसबुक की निगरानी करेंगे। आपत्तिजनक, अफवाह फैलाने वाली और धर्म विशेष के खिलाफ पोस्ट मिलने पर सबसे पहले थाना प्रभारी और इसके बाद अधिकारियों को सूचना दी जाएगी। इससे कि समय रहते पोस्ट करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि लोग सबसे ज्यादा फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट करते हैं। इससे यह फैसला लिया गया है।
जागरुकता बढ़ाने की भी होगी जिम्मेदारी
फेसबुक की निगरानी के अलावा पुलिसकर्मी लोगों को ऑनलाइन ठगी, हेल्पलाइन और स्वावलंबन के लिए प्रेरित करने वाली पोस्ट भी करेंगे। इससे लोगों में जागरुकता बढ़ेगी। वहीं सोशल साइट पर जनता और पुलिसकर्मियों के बीच संबंध भी कायम होंगे।