कन्नौज। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग ने नई पहल शुरू की है। अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर पुष्टाहार का वितरण करेंगी। इससे गर्भवती, धात्री महिलाओं व नवजातों में प्रतिरोधक क्षमता बनी रहेगी। इससे कोरोना से बचाव होगा।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के निदेशक शत्रुघ्न सिंह ने बताया कि कोरोना वायरस का खतरा उन्हें ज्यादा रहता है, जिनकी प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है। लोगों की प्रतिरोधक क्षमता बनी रहे, इसके लिए लाभार्थियों के घर तक पुष्टाहार पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका घर-घर जाकर पुष्टाहार का वितरण करेंगी। पुष्टाहार वितरण के दौरान पूरी तरह से सतर्कता बरती जाएगी। पोषाहार के वितरण के दौरान सामाजिक दूरी का भी पालन करने के लिए सचेत किया जाएगा। पुष्टाहार लेने वाले लाभार्थी या परिजनों के हस्ताक्षर करवाए जाएंगे। इससे कि पारदर्शिता बनी रहे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता केंद्रवार 10, 13 और 16 अप्रैल को वितरण करेंगी।
बरतें सावधानी
एक-दूसरे से एक मीटर की दूरी बनाए रखें
खांसते-छींकते समय रुमाल का इस्तेमाल करें।
कोरोना वायरस से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए प्रदेश सरकार के हेल्पलाइन नंबर 18001805145 पर संपर्क करें । केंद्रीय हेल्पलाइन नंबर 91-11-23978046 पर भी फोन कर सकते हैं।