सहकारी समिति पर खाद के इंतजार में लगी किसानों की भीड़।
- फोटो : KANNAUJ
तालग्राम(कन्नौज)। किसान सेवा सहकारी समिति तालग्राम पर दस दिन से खाद नहीं है। इससे किसान परेशान हैं। यहां खाद उपलब्ध न होने से किसान मायूस होकर लौट रहे हैं।
किसानों ने बताया कि इन दिनों आलू की बुआई चल रही है। रबी के लिए किसान खेत तैयार कर रहे हैं। दस दिनों से समिति पर यूरिया, डीएपी, एनपीके खाद नहीं है। इससे किसान इधर-उधर भटक रहे हैं। निजी उर्वरक विक्रेता ऊंचे दामों में खाद की बिक्री कर रहे हैं। डीएपी की 50 किलोग्राम बोरी के निर्धारित रेट 1200 रुपये की जगह 1270 से 1300 रुपये लिए जा रहे हैं। यूरिया की 45 किलोग्राम की बोरी के 266 रुपये की जगह 280 से 290 रुपये वसूले जा रहे हैं। एनपीके की बोरी 1185 की जगह 1230 रुपये में बेची जा रही है।
समिति पर खाद न मिलने से किसान कर्ज लेकर निजी दुकानों से ब्लैक में खरीदने पर मजबूर हैं।
किसान रामकुमार, संजय कुमार, अजय कुमार, श्याम सिंह, मोहित, रामदास, संतोष ने खाद जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है। एमडी सत्यवीर सिंह यादव का कहना है कि दिवाली से पहले एनपीके खाद आई थी। स्टाक निल हो गया है। यूरिया, डीएपी, एनपीके की डिमांड की गई है। खाद जल्द उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा। उन्होंने कहा कि निजी दुकानों से खाद खरीदते समय किसान रसीद जरूर ले लें।