फैशन शो में भाग लेती छात्राएं।
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा(कन्नौज)। राजकीय इंजीनियरिंग कालेज का वार्षिक सांस्कृतिक आयोजन आगमन-2019 शानदार रहा। गुलाबी ठंड में धमाल ने धड़कन बढ़ा दी। खुले आसमान के नीचे लगे स्टेज पर सुर ताल का मिलन हुआ तो युवाओं का जोश सातवें आसमान पर पहुंच गया। तेज धमक के साथ बज रहे संगीत और बीच बीच में गूंजती तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साह चरम पर पहुंच गया। सुबह से शुरू हुआ मौज मस्ती का दौर देर शाम तक जारी रहा।
मुख्य अतिथि डीएम रवींद्र कुमार ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। सरस्वती और गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा। इसके बाद शुरू हुए नाच गाने के दौर से इंजीनियरिंग कालेज परिसर का हर कोना गूंज उठा। छात्र दिव्यरतन ने स्टैंडअप कॉमेडी, सिद्धार्थ, साक्षी, आदर्श, मोनिस, मनी किरण ने डांस, रितिका, दीपेंद्र, आदित्य के साथ अन्य छात्रों ने गानों पर नृत्य किया। छात्रा रितिका, देवकी, अभिषेक, आदित्य और शिवम ने कॉमेडी का हुनर दिखाया। छात्र-छात्राओं के बीच में वाद-विवाद कविता लेखन, फैशन शो प्रतियोगिता कराई गई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों छात्रों को पुरस्कार दिए गए। इसके साथ ही नवप्रवेशी छात्रों को द्वितीय व तृतीय वर्ष के छात्रों ने अपने अनुभव बताए। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने कॉमेडी सहित अन्य कलाओं का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान डीएम ने छात्रावास में पौधरोपण कर वातावरण को शुद्ध रखने का संदेश दिया। डीएम से डायरेक्टर नीलम श्रीवास्तव ने कालेज में अर्द्धनिर्मित छात्रावास, आडिटोरियम का निर्माण कराये जाने के लिए कहा। डायरेक्टर नीलम श्रीवास्तव ने कहा कि छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रत्येक संस्थान को समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कराना चाहिए।