हसेरन। बीमारी से तंग युवक ने शुक्रवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव गांव के बाहर नीम के पेड़ पर गमछे से लटका मिला। घटना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
इंदरगढ़ थानाक्षेत्र के ग्राम जसपुरा निवासी रनवीर (30) मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। परिजनों ने बताया कि कुछ माह से वह लगातार बीमार चल रहा था। बीमारी के कारण वह काफी कमजोर हो गया था। शाम को वह गांव के बाहर खेत की ओर गया था। वहां नीम के पेड़ पर अंगोछे का फंदा लगाकर उसने आत्महत्या कर ली।
देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान खेतों में पानी लगा रहे किसानों ने परिजनों को रनवीर के फंदे लटकने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। पति की मौत के बाद मंजू देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रनवीर अपने पीछे दो बेटियां दीक्षा (08) व परी (06) तथा दो बेटे आयान (03) व अभियान (01) को छोड़ गया है। इंदरगढ़ थाना प्रभारी नीलम सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जांच की जा रही है।