सत्येंद्र के रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज) क्षेत्र के ग्राम कुंअरपुर करनौली में शुक्रवार रात युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। युवक के शव को फांसी के फंदे पर झूलता देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
कुंअरपुर करनौली निवासी सत्येंद्र (29) पुत्र स्व. सत्यराम राजपूत का शुक्रवार देर शाम पत्नी पिंकी से विवाद हो गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सत्येंद्र अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। लोगों ने पिंकी को बचाया तो सत्येंद्र घर में घुस गया। उसने अंदर से कुंडी लगा ली। मारपीट की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। सत्येंद्र के कुंडी लगाने पर एक युवक को छत के रास्ते घर में भेजा गया। युवक ने रस्सी के फंदे पर सत्येंद्र का शव झूलता देख परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया।
सत्येंद्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सत्येंद्र के परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटी व एक बेटा है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस के पहुंचने पर परिजनों ने कार्रवाई न करने की बात कही है। इससे शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।