तिर्वा(कन्नौज)। निजी महाविद्यालय में वृद्ध चौकीदार का शव फांसी पर लटकता मिला है। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के बेटे ने बताया कि पिता की तबीयत ठीक नहीं रहती थी। इससे उन्होंने आत्महत्या कर ली।
कोतवाली क्षेत्र के विनौरा गांव निवासी सुदामा पाल (82) पुत्र सीताराम करीब 15 वर्ष से घर में नहीं रह रहेे थे। बाग में रखवाली करने के बाद दो साल पहले वह तिर्वा-खैरनगर मार्ग स्थित निजी महाविद्यालय में चौकीदारी करने लगे थे। वह महाविद्यालय में ही रहते थे। शनिवार सुबह कालेज का चपरासी पहुंचा तो सुदामा का शव फांसी पर लटक रहा था। इसके बाद कालेज प्रबंधक को जानकारी दी गई। प्रबंधक की सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के बेटे खुशीलाल, पूरन लाल और भूरा ने बताया कि पिता घर पर बहुत कम आते थे। वह कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। इससे उन्होंने आत्महत्या कर ली।
कोतवाल टीपी वर्मा ने बताया कि परिजनों ने आत्महत्या की सूचना दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।