सौरिख। बीमारी से परेशान महिला ने घर के कमरे में लगे पंखे में रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने जांच शव को फंदे से उतवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सौरिख कस्बे के मोहल्ला ज्ञानोदय नगर निवासी विनीता (35) पेट दर्द की बीमारी से 15 साल से ग्रसित थी। पति चंद्र किशोर ने बताया कि विनीता का काफी इलाज कराया, लेकिन इसके बावजूद आराम नहीं मिली। इसके चलते विनीता काफी परेशान रहती थी। मंगलवार सुबह विनीता ने घर के पीछे बने कमरे में लगे पंखे में रस्सी के फंदे से लटक कर जान दे दी।
शव को लटकता देख परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। परिजनों ने बताया कि विनीता की एक बेटी पलक और एक आयुषी है। प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि महिला के मायके वालों ने कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया है। फिर भी महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।