गुरसहायगंज (कन्नौज)। दुकानदार के उत्पीड़न व झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी से आहत किशोर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पीड़ित पिता ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र की चौकी मझपुर्वा निवासी इम्तियाज खां ने बताया कि वह भोपाल, मध्यप्रदेश का मूल निवासी है तथा करीब 20 वर्षों से मझपुर्वा में रह रहा है। उसका पुत्र नूरूल हक एक किराना दुकान पर काम करता था। दुकानदार ने झूठा आरोप लगाकर उनके और उनके बेटे के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसे किशोर न्याय बोर्ड से जमानत मिल गई, लेकिन आरोपी दुकानदार लगातार धमकाते हुए धन उगाही का दबाव बनाने लगा।
आरोप है कि दुकानदार बार-बार जान से मारने की धमकी और झूठे मुकदमे में फंसाने की बात कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। इसी से आहत होकर पुत्र व परिवार के लोग पैतृक घर भोपाल चले गए थे। जहां रविवार सुबह नौ बजे उसके पुत्र नूरुल हक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली, जिसका अंतिम संस्कार मझपुर्वा में ही किया गया। कोतवाल आलोक दुबे ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। परिजनों से पोस्टमार्टम कराया नहीं और अंतिम संस्कार कर दिया। दुकानदार द्वारा उत्पीड़न करने के मामले की जांच कराई जा रही है, दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।