कन्नौज। इत्रनगरी में खेल प्रतिभाओं को तराशने और खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। शहर के ग्वाल मैदान में जल्द ही खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला अत्याधुनिक सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट मिलने जा रहा है। यह जानकारी समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने दी।
मंत्री ने बुधवार को निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत न केवल बास्केटबॉल कोर्ट तैयार किया जाएगा, बल्कि दर्शकों के मैच देखने और खिलाड़ियों के विश्राम के लिए कोर्ट के चारों ओर आधुनिक स्टेप्स (सीढ़ियों) का निर्माण भी होगा। इस व्यवस्था से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण का माहौल मिलेगा और खेल आयोजनों का संचालन भी सुचारू रूप से हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि कोर्ट का निर्माण विधायक निधि से कराया जाएगा। कोर्ट में सिंथेटिक सर्फेस का प्रयोग किया जा रहा है। इससे चोटों के जोखिम को कम करने और बेहतर ग्रिप प्रदान करने के लिए आधुनिक सिंथेटिक मैटेरियल का उपयोग होता है। सीढ़ियों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे दर्शक आराम से मैच देख सकें और खिलाड़ी विश्राम कर सकें।