कन्नौज। यातायात नियमों के उल्लंघन में लंबे समय से लंबित चालानों का निस्तारण कराने के लिए वाहन स्वामियों को राहत मिलने जा रही है। शनिवार को जनपद न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें वाहन स्वामी अपने लंबित ट्रैफिक चालानों का त्वरित निस्तारण करा सकेंगे। लोक अदालत में नियमानुसार न्यूनतम धनराशि जमा कराकर प्रकरणों का समाधान कराने का अवसर मिलेगा।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पॉमेला श्रीवास्तव ने बताया कि विशेष लोक अदालत में लंबित यातायात चालानों के निस्तारण के लिए सभी न्यायाधीश उपलब्ध रहेंगे। इसका उद्देश्य अधिक-से-अधिक लंबित मामलों का सरल और सुलभ प्रक्रिया के माध्यम से निस्तारण करना है। जिन वाहन स्वामियों के चालान लंबे समय से लंबित हैं, वह इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने बताया कि चालान की धनराशि जमा करने के लिए पेमेंट सेतु एप की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
इससे भुगतान की प्रक्रिया आसान होगी और वाहन स्वामियों को अनावश्यक परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आमजन से अपील की कि वह अपने लंबित चालानों का विवरण लेकर निर्धारित तिथि पर जनपद न्यायालय परिसर पहुंचें और विशेष लोक अदालत का लाभ उठाएं। इससे लंबित प्रकरणों का निस्तारण होने के साथ वाहन स्वामियों को भी राहत मिल सकेगी।