कन्नौज। छह लाख की टप्पेबाजी में पुलिस ने चोरी की रिपोट दर्ज की है। पुलिस ने दूसरे दिन मंगलवार को भी दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालकर टप्पेबाजों की तलाश की।
कोतवाली सदर के गांव अकौड़नपुर्रा निवासी रामआसरे राशन कोटेदार है। उन्होंने आबकारी विभाग में शराब की दुकान के लिए लॉटरी डाली थी। लॉटरी निकलने पर वह सोमवार को बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा कन्नौज के खाते से 6.30 लाख रुपये निकालकर बाहर आए। उन्होंने 30 हजार रुपये जेब में रख लिए और छह लाख रुपये बैग में रखकर बाइक में टांग लिए। वह पास के पेट्रोल पंप पर कट्टी में डीजल भरवाने लगे। तभी टप्पेबाज ने बाइक से रुपये से भरा बैग पार कर दिया। रामआसरे ने आशंका जताई कि एक युवक बैंक से पीछे आया था। वह संदिग्ध लग रहा था। उसने ही बैग चोरी किया है। पुलिस ने टप्पेबाजी में चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया। मंगलवार को पुलिस ने टप्पेबाज की तलाश में कई दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर टप्पेबाज की तलाश की जा रही है।