छिबरामऊ। परिजनों से कहासुनी से नाराज दुकानदार ने कमरे की छत में लगे कुंडे में दुपट्टे से फंदा लगा लिया। परिजन शुक्रवार को दुकानदार को फंदे से उतारकर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दुकानदार की मौत से परिजनों में चीख पुकार मच गई।
मोहल्ला कटरा निवासी जगदेव सिंह उर्फ पिंकू (40) दिव्यांग हैं और घर के बाहर किराने की दुकान हैं। दोपहर एक बजे परिजनों से कहासुनी होने पर नाराज होकर घर के अंदर चले गए। इसके बाद जगदेव ने कमरे की छत के कुंडे में दुपट्टे से फंदा लगा लिया। काफी देर तक जगदेव के बाहर न आने पर पत्नी अनीता उन्हें देखने गई तो फंदे पर लटका देख बेसुध हो गई।
घर में मौजूद बेटियों ने आसपास के लोगों की मदद से उन्हें फंदे से नीचे उतरवाया और अस्पताल ले गए। वहां पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि होते ही पत्नी अनीता, बेटी शिखा, अंशिका, वंशिका व चारू समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि जगदेव की पांच बेटियां है। एक बेटी शिवा की शादी हो चुकी है। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण जगदेव पहले से ही परेशान रहता था। कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।