फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kannauj News: आस्था का लगा महाकुंभ, उठा महादेव की भक्ति का ज्वार

विज्ञापन
फोटो :33: महादेवी घाट से पैदल ही जल भरकर कांधे पर कांवड़ लेकर गौरी शंकर मंदिर पहुंचे कांवड़िया
विज्ञापन
कन्नौज। इत्रनगरी की सड़कें शुक्रवार को भक्ति के केसरिया रंग से सराबोर हो गईं। हरदोई के बिलग्राम से करीब 25 हजार कांवरियों का जत्था शहर पहुंचा। इस विशाल जनसैलाब ने कन्नौज को एक धार्मिक महाकुंभ में बदल दिया।
विज्ञापन

महादेवी घाट से गंगाजल लेकर शिवभक्त बाबा मंशानाथ और सिद्धपीठ बाबा गौरीशंकर के दरबार पहुंचे। शहरवासियों ने पलक-पावड़े बिछाकर कांवरियों का जोरदार स्वागत किया। बाबा गौरीशंकर कांवरिया सेवा मंडल की ऐतिहासिक सेवा यात्रा ने शुक्रवार को सफलता के 30 वर्ष पूरे किए। सेवा मंडल के संस्थापक अजय पाल रोड निवासी ब्रज किशोर वैश्य बल्ले ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीन दशक पहले यह यात्रा महज 500 श्रद्धालुओं के साथ शुरू हुई थी। आज यह 25 हजार कांवरियों के विशाल जनसैलाब में बदल चुकी है। 30वीं वर्षगांठ के इस मौके पर आयोजन को भव्य रूप दिया गया।
इत्रनगरी का नजारा शुक्रवार को किसी धार्मिक महाकुंभ से कम नहीं था। हरदोई के बिलग्राम से आए कांवरियों ने शहर की सड़कों को केसरिया रंग में रंग दिया। बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। शिवभक्तों पर कहीं फूलों की बारिश हुई तो कहीं शर्बत और प्रसाद बांटकर उनका स्वागत किया गया। बोर्डिंग मैदान से बाबा गौरीशंकर मंदिर की ओर बढ़ती टोलियों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। सरायमीरा-कन्नौज रोड स्थित बोर्डिंग मैदान पर बाबा गौरीशंकर कांवरिया सेवा मंडल ने विशाल भंडारे का आयोजन किया। श्रद्धालुओं ने यहां प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद वे सिद्धपीठ बाबा गौरीशंकर मंदिर पहुंचे और जलाभिषेक किया। पूरे दिन शहर की गलियों और सड़कों पर आस्था, सेवा और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला।
विज्ञापन

कंधों पर कांवड़ लेकर आगे बढ़ते रहे कदम
शहर की सड़कों पर शुक्रवार को मानो आस्था नृत्य करती नजर आई। डीजे पर बज रहे शिवभजनों पर युवा, बच्चे और बुजुर्ग पूरे जोश के साथ थिरकते रहे। हाथों में भगवा ध्वज और कंधों पर कांवड़ लिए शिवभक्तों की टोलियां जब आगे बढ़ीं तो पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। सड़क पर इतनी भीड़ रही कि कई स्थानों पर तिल रखने तक की जगह नहीं बची।

राधा-कृष्ण और भोले-गौरा की झांकियों ने मोहा मन
कांवड़ यात्रा में शामिल आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी के साथ भोले-गौरा की सजीव प्रस्तुति को देखने के लिए लोग सड़क किनारे खड़े नजर आए। भजनों की धुन पर झूमती झांकियों पर श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर स्वागत किया। नन्हे-मुन्ने बच्चे इन झांकियों के साथ सेल्फी लेते दिखाई दिए।

बोर्डिंग मैदान में दिनभर चलता रहा भंडारा
विशाल भंडारे में कांवरियों ने प्रसाद ग्रहण किया। छोला-चावल, बूंदी, डोसा, हलवा, शर्बत और अन्य व्यंजनों का वितरण लगातार चलता रहा। दोपहर से शुरू हुआ प्रसाद वितरण देर रात तक जारी रहा। सेवा मंडल के कार्यकर्ता व्यवस्था संभालने में जुटे रहे और हर आने वाले शिवभक्त को सम्मानपूर्वक प्रसाद ग्रहण कराया गया।


मंच पर हुआ अतिथियों का स्वागत
बोर्डिंग मैदान में बने मंच पर बिलग्राम और कन्नौज के कई गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। अतिथियों ने बाबा गौरीशंकर कांवरिया सेवा मंडल की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि तीन दशक से चल रही यह सेवा अब एक विशाल धार्मिक परंपरा का रूप ले चुकी है।


चप्पे-चप्पे पर पुलिस, सुरक्षा में नहीं छोड़ी कोई कसर
कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। एसपी विनोद कुमार के निर्देश पर गंगा घाट से लेकर गौरीशंकर मंदिर तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, एसपी विनोद कुमार, एएसपी अजय कुमार, एसडीएम सदर वैभव गुप्ता, सीओ सदर शिल्पा वर्मा, तिर्वा सीओ कुलदीप सिंह अन्य अफसर लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया और भारी वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला गया।


भोले की भक्ति के साथ रही देशभक्ति की झलक
शिवभक्ति के इस महासागर में देशभक्ति की लहर भी साफ दिखाई दी। हाथों में तिरंगे के साथ चल रहे कांवरिए भारत माता की जय, वंदे मातरम् के नारे लगाते रहे। हर-हर महादेव के जयकारों के साथ राष्ट्रभक्ति के उद्घोष ने माहौल को और भी ऊर्जावान बना दिया।

फोटो :33: महादेवी घाट से पैदल ही जल भरकर कांधे पर कांवड़ लेकर गौरी शंकर मंदिर पहुंचे कांवड़िया

फोटो :33: महादेवी घाट से पैदल ही जल भरकर कांधे पर कांवड़ लेकर गौरी शंकर मंदिर पहुंचे कांवड़िया

फोटो :33: महादेवी घाट से पैदल ही जल भरकर कांधे पर कांवड़ लेकर गौरी शंकर मंदिर पहुंचे कांवड़िया

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें