कन्नौज। शहर स्थित केकेसीएन इंटर कॉलेज के खेल मैदान में लगे मेले में मंगलवार को जलपरी शो के दौरान मारपीट और भगदड़ मच गई। एक बाउंसर द्वारा महिला से अभद्रता और मारपीट के बाद यह स्थिति उत्पन्न हुई। महिला के पति को भी पीटा गया।
शहर के बोर्डिंग ग्राउंड में जलपरी शो देखने के लिए रोजाना युवाओं की भीड़ उमड़ रही है। जलपरी शो के दौरान मारपीट और भगदड़ मच गई। आरोप है कि शो के दौरान एक बाउंसर ने धक्का देते हुए एक महिला से अभद्रता की। महिला ने इसका विरोध किया तो बाउंसर ने पीट दिया। महिला को बचाने आए पति के साथ भी मेला स्टाफ ने मारपीट की।
आरोप है कि आसपास आराजकतत्व घूमते रहते हैं और युवतियों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। मेला कमेटी द्वारा पार्किंग शुल्क वसूलने के लिए रस्सी बांधकर जगह बनाई गई है। शुल्क से बचने के लिए लोग सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं जिससे जाम लग जाता है और कोहरे में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।