खड़िनी। घर से बिना बताए निकले कैंसर पीड़ित ने शनिवार को निचली गंग नहर पुल से पानी में छलांग लगा दी। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में तलाश कराया पर सुराग नहीं लग सका।
सुबह 11:55 बजे एक अधेड़ निचली गंग नहर के पुल पर चप्पलें उतारकर रेलिंग पर चढ़ गया। उधर से गुजर रहे राहगीर व आसपास के लोग कुछ समझ पाते तब तक अधेड़ ने छलांग लगा दी। अधेड़ के पानी में छलांग लगाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर पानी में उतारा। कई घंटे की मशक्कत के बाद नहर में कूदे युवक का कहीं पता नहीं चल सका।
इसी दौरान औरैया जिले के एरवा कुहली निवासी सचिन बाथम रोहिली देवी मंदिर से प्रसाद चढ़ाकर घर लौट रहा था। पुल पर भीड़ देख रुक गया। नहर में कूदे ग्रामीण की चप्पलें देख सचिन ने उसकी पहचान कैंसर पीड़ित पिता शिवराम (55) के रूप में की। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। पत्नी राजेश्वरी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सचिन ने बताया कि पिता पांच वर्षों से कैंसर पीड़ित है। बीमारी से तंग आकर उन्होंने नहर में छलांग लगाई। सौरिख थानाध्यक्ष जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि रविवार को कन्नौज से गोताखोरों को बुलाकर नहर में कूदे अधेड़ की तलाश कराई जाएगी।