सराय दौलत (कन्नौज)। जनता दरबार लगाकर क्षेत्रीय विधायक ने दूरदराज से आए लोगों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण का आश्वासन दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से अनुशासन में रहने की हिदायत दी।
हिमालय कोल्डस्टोरेज में छिबरामऊ सपा विधायक अरविंद सिंह यादव ने जनता दरबार लगाया। इसमें विधानसभा क्षेत्र के फरियादियों की भारी भीड़ जुट गई। बारी-बारी से शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनी गईं। जल्द निराकरण कराने का आश्वासन दिया। विधायक ने जनता से कहा कि छोटे-छोटे विवादों को तूल न पकड़ाएं। गांव में ही सभ्रांत लोगों के बीच में बैठकर छोटे विवाद निपटा लें। ताकि अन्य विकास कार्यों की तरफ ध्यान ज्यादा रहे। सीएम के निर्देशों के चलते ज्यादा से ज्यादा विकास कार्य कराने पर उन्होंने जोर दिया।
तीन दिन पहले समधन में पार्टी के ही कुछ लोगों द्वारा स्कूल को लेकर विरोध जताने के मुद्दे पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और कहा कि ऐसे लोग बिना सूझबूझ के फैसला ले लेते हैं। बेवजह विरोध पर उतारू हो जाते हैं। ये लोग पार्टी के वफादार सिपाही नहीं हो सकते। जिन गांवों में विद्युतीकरण नहीं हुआ है और पानी को लेकर संकट है वहां की समस्याओं का समाधान कराएंगे। इस मौके पर छात्रसभा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश यादव, जिला महासचिव पिंटू यादव, रामनिवास, सोवरन सिंह, अतीक हुसैन, नईमुद्दीन, मालिकचंद्र शाक्य, राधेश्याम जाटव, आरके यादव मौजूद रहे।