कन्नौज। विगत कई महीने से शहर के लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। पेयजल आपूर्ति के लिए नई पाइप लाइन बिछाए जाने के बावजूद मोहल्ले वासियों को पानी भरने के लिए हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ रहा है।
शेखाना में पालिका प्रशासन की तमाम कवायदों के बावजूद पेयजल संकट से नागरिकों को निजात नहीं मिल पा रही है। नाजिम अख्तर का कहना है कि नई पाइप लाइन बिछाए जाने के बावजूद मोहल्ले वासियों को पेयजल समस्या से निजात नहीं मिल सकी है। काफी शिकायतों के बाद जलपूर्ति चालू की जाती है तो नई पाइपलाइन भी एक साथ कई स्थानों से लीकेज हो जाती है। इसे ठीक करने में भी विभागीय अधिकारियों द्वारा काफी देरी की जाती है। नगर पालिका के जलकल प्रभारी मुख्तियार खां भी इसी मोहल्ले में रहते हैं। जब पेयजल संकट को दूर करने के बारे पूछा गया तो उनका कहना था कि उन्हें भी पानी के संकट से जूझना पड़ रहा है। इसके लिए जलनिगम विभाग को अवगत कराया जा चुका है। जल्द ही पेयजल संकट से निजात न मिली तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए पालिका प्रशासन द्वारा लिखा जाएगा।
इसी प्रकार कगजियाना, सैयद मोहम्मद बजरिया, सदरपुर टीना, विशुनपुर टीला, मीरवैश्य टोला के बाशिंदों को भी कई माह से पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। आए दिन नलकूप खराब होने से आक्रोशित नागरिकों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने की चेतावनी दी है। पेयजल समस्या से निजात दिलाने के लिए मुख्यमंत्री पेयजल पुनर्गठन योजना के तहत शहर की गलियों में बिछाई गयी पाइप लाइन भी नागरिकों के गले तर नहीं कर पा रही है। मोहल्ला लालामिश्र में करीब एक साल से लीकेज के चलते जलापूर्ति ठप है। इसके लिए मोहल्ले वासियों द्वारा आला अधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है।