कन्नौज। प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत खाता खुलवाने के लिए ग्राहक बैंक शाखाओं के चक्कर लगा रहे हैं। सही जानकारी के अभाव में दर्जनों ग्राहक कलेक्ट्रेट परिसर लिस्ट देखने पहुंच रहे हैं।
शनिवार दोपहर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे गांव चौराचांदपुर निवासी जगत सिंह दोहरे का कहना था कि वह एसबीआई शाखा कन्नौज में खाता खुलवाने आए थे। बैंक कर्मचारियों की उपेक्षा के चलते काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। योजना के लिए बचत खाता खुलवाने को फार्म के लिए मारामारी हो रही है। खाता खुलवाने के लिए दलाल भी सक्रिय हैं। फार्मों पर मोहर लगाने पर 10 रुपये शुल्क वसूला जा रहा है। इसके बावजूद खाता नहीं खोला जा रहा है। पूछने पर बताया जाता है कि लिस्ट के मुताबिक योजना के खाते खुल रहे हैं। इसकी लिस्ट कलेक्ट्रेट में लगी है। देविन टोला सरायमीरा निवासी श्याम सुंदर दोहरे ने बताया कि कई दिनों से योजना के तहत खाता खुलवाने के लिए बैंक शाखाओं के चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन बैंक अफसरों की उपेक्षा के चलते अभी तक मायूसी हाथ लगी है। एक अन्य ग्राहक कुंवर बहादुर दुबे भी कलेक्ट्रेट में बचत खाता खोलने के लिए भरा हुआ फार्म लिए कलेक्ट्रेट परिसर में लिस्ट देखने के लिए घूम रहे थे। कलेक्ट्रेट कर्मचारियों की मानें तो रोजाना दर्जनों महिलाएं भी बैंक लिस्ट देखने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंच रही हैं। बैंक कर्मचारी लिस्ट या सही जानकारी न देकर ग्राहकों को गुमराह कर रहे हैं। इसके चलते खाता खुलवाने की इच्छा रखने वाले लोग मायूस होकर लौट जाते हैं। उधर एलडीएम एचवी सिंह का कहना है कि मीटिंग में सभी बैंक शाखाओं को योजना के तहत बचत खाता खोलने के लिए लिस्ट दी गयी थी। इसी के मुताबिक काम करना है। लेकिन कुछ बैंक शाखा के अफसर मीटिंग में नहीं पहुंचे थे। इन्हीं बैंकों से इस प्रकार की शिकायतें मिल रही हैं। ग्राहकों की सुविधा के लिए जल्द ही ऐसी बैंक शाखाओं के आरएम को पत्र भेजा जाएगा।