कन्नौज। जिले के 1311 बूथों पर 24 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए मतदान कर्मियों की 1443 पार्टियों को फाइनल मूवमेंट प्रशिक्षण दिया जाएगा। ईवीएम की जानकारी देने के साथ मतदान सामग्री भी इस दौरान वितरित की जाएगी।
मतदान कार्मिकों का फाइनल प्रशिक्षण शुक्रवार 18 अप्रैल को सुबह नौ बजे से मंडी समिति में दो पालियों में दिया जाएगा। सुबह 9 से 12 बजे के बीच प्रथम पाली में पार्टी संख्या 1 से 200, द्वितीय पाली में 201 से 400 तक को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 19 अप्रैल को प्रथम पाली में 401 से 600, द्वितीय पाली में 601 से 800 क्रमांक तक की पोलिंग पार्टियों का प्रशिक्षण होगा। 20 अप्रैल को पहली पाली में 801 से 1000, द्वितीय पाली में 1001 से 1220, 21 को 1221 से 1443 क्रमांक की पोलिंग पार्टियों का प्रशिक्षण होगा। मुख्य विकास अधिकारी उदयराज यादव ने कहा प्रशिक्षण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जो मतदान कार्मिक गैर हाजिर होंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उधर मंडी समिति में गुरुवार को पी-2 व महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान नौ कर्मचारी गैरहाजिर रहे हैं। मुख्य विकास अधिकारी उदयराज यादव ने बताया जिले में जिन पोलिंग स्टेशनों में मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक है, वहां दो पीठासीन अधिकारियों की डयूटी लगाई जाएगी। इसमें एक सहायक के रुप में कार्य करेगा। इसके अलावा अल्पसंख्यक बहुल बूथों पर आयोग के निर्देश पर पर्दानशीकी डयूटी लगाई जा रही है। उन्होंने कहा इस बार लोकसभा चुनाव में पोलिंग पार्टियों में महिलाओं की डयूटी अधिक लगाई गई है। मंडी समिति में 271 सहायक पीठासीन और 173 पर्दानशी को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान सहायक छह मतदान अधिकारी और छह पर्दानशी गैरहाजिर रही। पूर्व प्रधानाचार्य एनसी टंडन ने कहा ड्यूटी पर तैनात महिलाओं को
वोट देने आने वाली पर्दानशी की पहचान करनी है। मतदाता सूची के अनुसार फोटो से मिलान करने के बाद उन्हे वोट डालने भेजना है।