कन्नौज। पुलिस लाइन में शुक्रवार को मानवाधिकार संरक्षण विषयक वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर पक्ष और विपक्ष में प्रतिभागी पुलिस जवानों ने मानवाधिकार पर अपने विचार व्यक्त किए। निर्णायक मंडल ने आरक्षी व उपनिरीक्षक को पुरस्कृत किया।
शुक्रवार को आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में पक्ष में प्रथम उप निरीक्षक वीरेंद्र कुमार शिरोमणि व द्वितीय आरक्षी तहसीलदार सिंह रहे। निर्णायक मंडल में पुलिस अधीक्षक एके जैन, डा. जीवन शुक्ला व अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नरेंद्र कुमार ने निर्णय सुनाकर दोनों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर निर्णायक मंडल ने दोनों पक्षों के तर्क सुनने के बाद प्रथम व द्वितीय रहे प्रतिभागियों को पांच-पांच सौ रुपए का नकद इनाम दिया। इसके बाद निर्णायक टीम ने पुलिस जवानों को संबोधित करते हुए कहा पुलिस जवान ऐसा कोई काम न करें जिससे मानवाधिकार का हनन हो । पुलिस अपने काम चतुराई और नियमानुसार करे। करीब दो घंटे तक चली प्रतियोगिता के बाद पुलिस जवानों को मानवाधिकार का पाठ पढ़ाया गया।