कन्नौज। 1459 छात्रों को लैपटाप मिलने पर संशय बरकार है। संबंधित छात्रों को लैपटाप 31 अक्तूबर को मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान मिलेंगे अथवा बाद में यह शासन की हरी झंडी मिलने से तय होगा। हालांकि जिलाधिकारी ने 1459 छात्रों के लिए अतिरिक्त लैपटाप मुहैया कराए जाने के लिए डिमांड भेजी है।
मुख्यमंत्री का लैपटाप वितरण कार्यक्रम कई बार बनने के बाद स्थगित हो गया। प्रशासन ने इसके लिए तैयारियों को अंजाम दे दिया था। 37 महाविद्यालयों के 13831 चयनित छात्रों की नोडल अफसर जांच कर चुके हैं। लैपटाप लाभार्थियों की सूची फाइनल होने के बाद स्ववित्त पोषित महाविद्यालयों के छात्रों को भी जब शासन से लैपटाप देने की हरी झंडी मिली तो सैकड़ों छात्रों ने डीएम दफ्तर से लेकर सड़क तक प्रदर्शन शुरु कर दिया। इस दौरान गुस्साए छात्रों ने नेशनल हाइवे पर जाम भी लगाया। खबर मुख्यमंत्री तक पहुंची तो उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए इन छात्रों को भी लैपटाप लाभार्थियों की सूची में शामिल कर नए सिरे से जांच की जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक ने छूटे छात्रों से आवेदन प्राप्त किए। 1495 छात्रों ने आवेदन दिया। प्रशासन ने जब जांच कराई तो इनमें 1459 पात्र निकले हैं। फिलहाल प्रशासन के पास इन छात्रों को वितरित करने के लिए लैपटाप नहीं है। जिलाधिकारी राजेश कुमार ने शासन को मामले से अवगत कराते हुए 1459 लैपटाप की डिमांड भेजी है। डीएम से जब पूछा गया 31 अक्तूबर के प्रस्तावित कार्यक्रम में ही इन छात्रों को लैपटाप मिलेगा, अथवा नहीं। उन्होंने कहा कोशिश हैकार्यक्रम में ही छात्रों को लैपटाप मिल जाए।