कन्नौज। अयोध्या में चौरासी कोस यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरे दिन चौकन्ना रहा। रेलवे स्टेशन व बस स्टेशन पर तो शनिवार की पूरी रात तलाशी का दौर चला। बसों के अंदर घुसकर पुलिस कर्मियों ने छानबीन की। शक होने पर यात्रियों से पूछताछ भी की। उधर थानेदारों व चौकी पुलिस को भी एलर्ट कर दिया
जीटी रोड पर कचहरी के निकट रेलवे स्टेशन जाने वाले मोड़ पर बैरियर लगा दिया गया। एसपी हरिनरायन सिंह व एएसपी सुभाष शाक्य खुद पूरी स्थिति पर नजर रखे रहे। तिर्वा क्रासिंग, रेलवे स्टेशन, मानीमऊ, गुरसहायगंज, कन्नौज समेत विभिन्न रेलवे स्टेशनों के आसपास सादी वर्दी में भी पुलिस के जवान तैनात किए गए। खूफिया विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी पूरे दिन टोह लेते रहे। वहीं विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों पर भी तगड़ी निगाह रखी गई। वहीं पूरे दिन सन्नाटा व शांति रहने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।
उधर आम जनमानस में चौरासी कोस यात्रा को लेकर कोई हलचल नजर नहीं आई। बाजारों में रोज की तरह रौनक रही। कहीं पर भी किसी प्रकार की बैठक या प्रदर्शन की भी कोई सूचना नहीं आई। आम आदमी इस मुद्दे को लेकर दूर ही रहा। इसके बावजूद प्रशासनिक तंत्र व पुलिस महकमे ने किसी भी प्रकार की कोई ढिलाई नहीं बरती। पुलिस व प्रशासन की सख्ती के कारण यात्रियों को तलाशी व छानबीन के दौरान थोड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं निजी कारों व भारी वाहनों पर भी नजर रखी गई। शक होने पर कई वाहनों की तलाशी ली गई, पर कुछ हाथ नहीं लगा।
उप जिलाधिकरी सदर सुनील कुमार शुक्ला ने बताया कि शहर में पूरी तरह शांति रही। आगे भी पूरी सतर्कता बरती गई। किसी को गिरफ्तार करने या नजरबंद करने की नौबत ही नहीं आई। सीओ करन सिंह भी सारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
गुरसहायगंज प्रतिनिधि के अनुसार रेलवे रोड पर पुलिस ने बैरियर लगाकर आने-जाने वालों की निगरानी की। जनपद की सीमा पर खुदागंज के निकट भी भारी मात्रा में पुलिस बल मुस्तैद रहा। कोतवाल ओपी सिंह, एसएसआई रवींद्र सिंह यादव भारी पुलिस बल के साथ गश्त करते रहे। विश्व हिंदू परिषद से जुड़े पदाधिकारियों के घरों के आसपास पुलिस का पहरा रहा। मुख्य चौराहे पर भी खास चौकसी बरती गई।