कन्नौज। महिला थाना भवन का निर्माण शुरू से ही विवादों में रहा है। कब्रिस्तान अभिलेखों में दर्ज न होने के बावजूद प्रशासन को भूमि देनी पड़ी है। अब बाउंड्रीवाल बनने में फिर विवाद शुरू हो गया है। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर विवाद को सुलझाने की कोशिश की।
पीएसएम डिग्री कालेज के निकट 40 डिसमिल भूमि महिला थाने के लिए कुछ माह पहले चिह्नित की गई थी। नींव खुदाई का काम जैसे ही शुरू हुआ, वैसे ही कुतलूपुर मोहल्ले के सलीम ने उक्त भूमि पर अपने पूर्वजों के शव दफन होने की बात कहकर अपनी बताई। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर चिह्नित कब्रिस्तान के लिए भूमि छोड़कर अन्य में निर्माण कार्य शुरू करा दिया। अब भवन बनकर तैयार है। कार्यदायी संस्था ने बाउंड्रीवाल का निर्माण जैसे ही शुरू किया, तभी सलीम, अनीस, अली हसन, अंसार, बाबू, मुस्ताक, जाइद सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। जेई को नींव की खुदाई करने से रोका। जेई ज्ञानप्रकाश कोतवाली पहुंचे और क्षेत्राधिकारी सदर करन सिंह को घटना से अवगत कराया। चार बजे के करीब एसडीएम सदर दिलीप त्रिगुणायत, सीओ सदर करन सिंह, कोतवाली प्रभारी आरपी शर्मा, कानूनगो व लेखपाल मौके पर पहुंचे। उधर, अपनी भूमि बताने वाले कूतलूपुर के लोग भी मौके पर पहुंच गए। प्रशासन ने निर्णय लिया कि जहां पर कब्र बनी है, उक्त स्थान को छोड़कर सीधी बाउंड्रीवाल बना दी जाएगी। जितनी जगह कब्रिस्तान के लिए दी गई है, उसे छोड़ दिया जाएगा। इस पर दूसरे पक्ष के लोग राजी हो गए। जेई को निर्देश दिए गए कि वे नींव की खुदाई कराकर चिह्नित भूमि को महिला थाने के दायरे में कर लें, जिससे बाद में किसी भी तरह का विवाद न रहे।