मलिकपुर (कन्नौज)। कस्बा स्थित किसान सेवा सहकारी समिति के गोदाम की सील तोड़कर बेचने के लिए ले जाया जा रहा करीब 48 पैकेट गेहूं ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने समिति प्रभारी को गिरफ्तार कर लिया। विभागीय अधिकारियों ने मामले की छानबीन कर प्रभारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बताते हैं कि मलिकपुर स्थित किसान सेवा सहकारी समिति के प्रभारी मथुरा प्रसाद वर्मा के खिलाफ तीन माह पूर्व स्थानीय किसानों ने शिकायत की थी। इस पर तत्कालीन एआर सिपाही लाल यादव ने जांच पड़ताल कर समिति के गोदाम पर रखा 100 पैकेट गेहूं सील कर दिया था। इसके बाद प्रभारी को दोबारा चार्ज सौंपा गया। ग्रामीणों के अनुसार शनिवार को समिति प्रभारी गेट की सील तोड़कर गेहूं ट्रैक्टर ट्राली पर लादकर बेचने जा रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही सपा नेता जमील तूफानी के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने ट्रैक्टर ट्राली को रोक लिया और मामले की जानकारी आला अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही गुरसहायगंज के वरिष्ठ एसआई विजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने समिति के गोदाम की सील बंद करने का प्रयास कर रहे प्रभारी को दबोच लिया। मौके पर पहुंचे सहकारिता विभाग के जिला निबंधक मो. नईम खां ने प्रभारी से सभी चाबियां ले लीं। इसके बाद पुलिस पकड़े गए समिति के प्रभारी को कोतवाली लाई। एडीओ अरुण कुमार ने गुरसहायगंज कोतवाली पहुंचकर समिति प्रभारी मथुरा प्रसाद वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।