अमर उजाला ब्यूरो
मिरगावां (कन्नौज)। खेल मंत्रालय गांव में छुपी प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए स्पोर्ट्स टैलेंट पोर्टल तैयार कर रहा है। इस पोर्टल के माध्यम से खेल मंत्रालय खिलाड़ियों की छिपी प्रतिभा को सामने लाने का प्रयास करेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए पोर्टल एक खास तोहफा होगा। टैलेंट सर्च पोर्टल के माध्यम से खेलों में रुचि रखने वाले खिलाड़ी अपनी खेल गतिविधियों का वीडियो पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। खिलाड़ी अपनी उपलब्धियां और बायोडाटा भी पोर्टल के माध्यम से साझा कर सकेंगे। खेल मंत्रालय, पोर्टल पर पड़े वीडियो, उपलब्धियों व बायोडाटा के माध्यम से खिलाड़ियों का चयन करेगा। चयनित खिलाड़ियों को खेल मंत्रालय की ओर से प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिससे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा को निखार सकेंगे।
प्रतिभाओं के लिए बेहतर मंच होगा यह पोर्टल
स्पोर्ट्स टैलेंट सर्च पोर्टल को यहां पर लांच करने की तैयारी चल रही है। इसके लांच होने से खिलाड़ियों की प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच मिल सकेगा। इससे प्रदेश में खेलों को बढ़ावा मिलेगा साथ ही इसके माध्यम से खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण के लिए चुना जा सकेगा। यह पोर्टल आर्थिक रूप से कमजोर ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने में मददगार बनेगा। - कर्मवीर सिंह (जिला क्रीड़ा अधिकारी, कन्नौज)
खिलाड़ी टैलेंट सर्ज पोर्टल में वीडियो अपलोड कर सकेंगे
खेल मंत्रालय वीडियो देखकर खिलाड़ियों का करेगा चयन