चौपाल में जनता को संबोधित करते एएसपी सुभाष चंद्र शाक्य
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
अमर उजाला और मैक्स ब्लाक के सौजन्य से उमर्दा विकास खंड क्षेत्र के गांव ठठिया में रविवार को आयोजित किसान चौपाल में 86 शिकायतें आईं। सबसे ज्यादा शिकायतें राशन कार्ड के संबंध में आईं। उप जिलाधिकारी ने कोटेदार के जरिए पीड़ितों के आनलाइन आवेदन कराने व उनके नाम राशन सूची में दर्ज कराने का फरमान सुनाया। पेयजल, आवास, बिजली, पानी संबंधी अन्य शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को लिखापढ़ी की।
गांव ठठिया के लवकुश शिक्षा एवं जन कल्याण विद्यालय में रविवार को लगी चौपाल में अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य, उप जिलाधिकारी तिर्वा उदयवीर सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र कुमार गौतम, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजेश कुमार बघेल, ब्लाक प्रमुख इंद्रेश यादव, थानाध्यक्ष रवींद्र नाथ सिंह ने जनता की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ठठिया के अलावा आसपास के अन्य गांवों के लोगों ने भी पहुंचकर 86 शिकायती पत्र दिए।
ठठिया निवासी आयशा बानो, रामाधार, वृजरानी आदि ने पेंशन दिलाने की मांग की, जिस पर जिला समाज कल्याण अधिकारी ने पात्रता की जांच कराकर पेंशन दिलाने का भरोसा दिया। चौपाल में प्रधान सरहठी राजीव यादव, प्रधानाचार्य हरीशंकर कुशवाहा, गुलाम अहमद, जयवीर सिंह, विनय त्रिपाठी, डा. रामाधार कटियार, संजीव दोहरे, राकेश सविता, राधाकृष्ण सविता, बउअन मिश्रा, संतराम कटियार, शैलेंद्र वर्मा, सर्वेश दोहरे आदि मौजूद रहे।