कन्नौज। दलहनी और तिलहनी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों की लागत कम करने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने गुरुवार को विशेष बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग की निशुल्क मिनी किट योजना के तहत क्षेत्र के 80 किसानों को उन्नत किस्म के उड़द, मूंग और मूंगफली के बीज प्रदान किए गए।
उमर्दा ब्लाॅक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैलाश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया रहे। कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी संतलाल गुप्ता ने किसानों को बताया कि सरकार का मुख्य लक्ष्य उड़द, मूंग व मूंगफली जैसी फसलें न केवल 60 से 90 दिनों में अतिरिक्त आय प्रदान करती हैं, बल्कि मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने में भी सहायक होती हैं। वितरण के दौरान 80 किसानों को प्रमाणित बीजों की निशुल्क मिनीकिट सौंपी गई। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा यह बीज यूपी एग्री दर्शन पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिए जा रहे हैं। इन उच्च गुणवत्ता वाले बीजों से किसानों को बाजार के महंगे बीजों से राहत मिलेगी और पैदावार में सुधार होगा।