तिर्वा। मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य विभाग सक्रिय है। दीपावली पर बड़ी मात्रा में मिलावटी व रेडीमेड मिठाई बनाने वाले कारखानों पर कार्रवाई की गई थी। इसी क्रम में शनिवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष श्रीवास्तव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मंजरी मिश्रा की टीम ने तिर्वाखास स्थित मुन्ना स्वीट हॉउस की दुकान पर छापा मारा। टीम ने मौके पर 50 किलोग्राम छेना व 25 किलोग्राम मिठाई को नष्ट कराया। साथ ही एक छेना, बालूसाई, इमरती, खोया समेत पास में स्थित किराना स्टोर की दुकान से बेसन का नमूना लिया।
नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जाएगा। नमूना फेल होने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। सहायक आयुक्त खाद्य ने मिठाई विक्रेताओं को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि मिठाई में मिलावटी होने पर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि दुकानदार मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री करना बंद कर दें। इसके साथ ही खुले सरसों के तेल की बिक्री पर भी रोक लगाने के लिए दुकानदारों से अपील की है।