छिबरामऊ (कन्नौज)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 दिसंबर को प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र व्यक्तियों के खातों में पहली किस्त के चालीस हजार रुपये भेजेंगे। मुख्यमंत्री के संयुक्त कार्यक्रम को देखते हुए ब्लाक मुख्यालय पर पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण करने में लिपिक और कंप्यूटर आपरेटर जुटे रहे। मंगलवार रात तक लक्ष्य के सापेक्ष 625 पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण पूरा हो चुका था।
ब्लाक मुख्यालय को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 725 आवासों का संशोधित लक्ष्य दिया गया था। इस योजना के लिए 435 अनुसूचित जाति, 109 अल्पसंख्यक व 181 सामान्य जाति के लाभार्थियों का चयन किया किया था। एक सप्ताह से चल रहा पंजीकरण अब अंतिम दौर में पहुंच चुका है। वरिष्ठ लिपिक संतोष कुमार पाल व विनय कुमार ने लक्ष्य के सापेक्ष 635 आवेदनों के पंजीकरण का काम पूरा कर लिया है। बताया कि बकाया आवेदनों के पंजीकरण का कार्य निर्धारित समय सीमा तक पूरा कर लिया जाएगा।
वहीं बीडीओ चंद्रभान सिंह ने बताया कि 23 दिसंबर तक पंजीकरण करवाकर डोंगल लगवा दिया जाएगा। 24 दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संयुक्त रूप से विकास खंड के सभी पात्र लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये ट्रांसफर करेंगे। दूसरी किस्त में सत्तर हजार और तीसरी किस्त में दस हजार रुपये लाभार्थी के खाते में भेजे जाएंगे। इसके अलावा 90 दिन की मजदूरी का भुगतान मनरेगा योजना के तहत किया जाएगा। बीडीओ ने बताया कि डेढ़ माह में आवास को पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सात गांवों में नहीं मिला एक भी पात्र
बीडीओ सीबी सिंह ने बताया कि कसाबा में सर्वाधिक 29 आवासों का लक्ष्य स्वीकृत है। इसमें अनुसूचित जाति के 17, अल्पसंख्यक के चार व सामान्य जाति के सात लोगों को योजना का लाभ मिलेगा। करमुल्लापुर व विशुनगढ़ में 25 आवास बनेंगे। लोकपुर, घिलोई खास, अहिरुआ राजारामपुर, खुड़ावा, धिंगपुर, रूपपुर, कल्यानपुर में एक भी व्यक्ति आवास योजना के लिए पात्र नहीं मिला।