कन्नौज-तिर्वा मार्ग पर पाइप लाइन से निकलता पानी।
- फोटो : अमर उजाला
72 घंटे बाद तिर्वा मार्ग पर एक फिर पानी की पाइप लाइन में लीकेज हो गया। हजारों लीटर शुद्ध पानी सड़कों पर बर्बाद हो गया। लीकेज के वजह से कई घरों में पानी तक नहीं पहुंच सका। सोमवार को भी पानी बर्बाद होता रहा, लेकिन कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। तिर्वा क्रासिंग स्थित नलकूप की पाइप लाइन निर्माणाधीन ओवरब्रिज के नीचे आ रही थी। बीती 30 जून को पाइप लाइन को घुमाकर डालने का काम सेतु निगम के कर्मचारियों द्वारा कराया जा रहा था।
काम को जल्दी खत्म करने के चक्कर में पाइप लाइन को ठीक से नहीं जोड़ा गया। इससे रविवार को पाइप लाइन से पानी लीकेज होकर सड़कों पर बहने लगा है। सोमवार को भी हजारों लीटर शुद्ध पानी नालियों में बहकर रहा है। वहीं सेतु निगम के कर्मचारियों ने दोबारा पाइप लाइन को देखने तक जहमत नहीं उठाई। तिर्वा क्रासिंग निवासी रवींद्र दुबे, प्रवीन कटियार , वीके पाल, शेरसिंह, रामू कटियार, श्यामू कटियार, मुकेश कटियार ने बताया कि पाइप लाइन लीकेज के चलते घरों में पीने का पानी नहीं पहुंच रहा है।
इससे पीने के पानी के लिए लोगों के सामने संकट खड़ा हो गया है। उधर नगर पालिका ईओ बीडी भट्ट का कहना है कि सेतु निगम के अधिकारियों से दोबारा पाइप लाइन ठीक कराने के लिए कहा गया है। नगर पालिका की ओर एक कर्मचारी लगाया जाएगा। जिसकी देखरेख में मरम्मत कार्य किया जाएगा।