जिले के पांच विकास खंडों में 25 बूथों पर रविवार को
45 ग्रामसभा सदस्य के रिक्त पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो
गया। कड़ी सुरक्षा के बीच लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। देर शाम
ब्लाक मुख्यालय पर बनाए गए स्टांग रूम में मतपेटियां रखी गईं।
सदर विकास
खंड में 66.17, जलालाबाद में 64.22 व उमर्दा में 48.67 फीसदी लोगों ने अपने
मताधिकार का प्रयोग किया। ज्ञात हो कि रिक्त पदों पर ग्राम सभा सदस्यों
का चयन होने के बाद अब ग्राम सभा का कोरम पूरा हो सकेगा। जो प्रधान छूट गए
हैं वे शपथ भी ग्रहण कर सकेंगे।
सदर विकास खंड की ग्राम सभा गांगेमऊ में
एक, बेहरिन में पांच, सहिल्लापुर में एक, जलालपुर अमरा में सात, बरौली में
चार बूथों पर वोट डाले गए। यहां कुल 18 वार्ड सदस्य पद के लिए चुनाव हुआ।
उमर्दा में प्राथमिक पाठशाला रमईपुरवा में एक वार्ड के लिए मतदान संपन्न
हुआ।
ग्राम सभा सदस्य पद के उप चुनाव में 45 वार्डों में कुल 7331 मतदाता
थे। जलालाबाद ब्लाक के जसौरा में वार्ड छह में 150 में से 98 वोटर,
फिरोजपुर तारन के वार्ड पांच में 86 में से 65 और वार्ड आठ में 143 में से
73 लोगों ने अपने वोट डाले। यहां पीठासीन अधिकारी राजीव कुमार, सहायक
हरिनाथ यादव, दिनेश कुमार व रोजगार सेवक महेंद्र सिंह यादव ने व्यवस्था
संभाली।
आरओ अशोक कुमार व बीडीओ केबी शुक्ला ने मतदान केंद्रों का
जायजा लिया। ब्लाक उमर्दा के बूथ निस्तौली के वार्ड 10 में लगभग 49 फीसदी
लोगों ने वोट डाले। यहां 226 वोटरों में 110 लोगों ने वोट डाले। यहां कमलेश
व रेनू के बीच मुकाबला हुआ। सदर विकास खंड में यहां आरओ रामशंकर, एडीओ
राजेश दुबे ने व्यवस्थाएं संभालीं।
यहां ग्राम सभा बेहरिन के बूथ 34 में 75
फीसदी, बूथ 35 में 78.85 फीसदी, बूथ 36 में 60.80 फीसदी, गांगेमऊ में
73.29, सहिल्यापुर में 63.95, जलालपुर अमरा में दो बूथों पर 70.29 व 40.23
फीसदी, बरौली में दो बूथों पर 66.08 व 66.98 फीसदी वोट पड़े। एसडीएम सदर
सुनील शुक्ला, तहसीलदार सदर राजेश कुमार ने मतदान केंद्रों का हाल जांचा।
एसडीएम
ने बताया कि चुनाव पूरी तरह शांत हुआ है। एएसपी सुभाष चंद्र शाक्य ने
बताया कि 16 क्लस्टर मोबाइल टीमों ने चुनाव के दौरान नजर रखी। हर बूथ पर
दरोगा समेत सात सिपाहियों ने मोर्चा संभाला। मतपेटियों को भी स्ट्रांग रूम
में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
उधर, विकास खंड जलालाबाद में जसौरा में
प्राथमिक स्कूल में एक व फिरोजपुर तारन में भी प्राथमिक पाठशाला में दो
वार्डों में सदस्य पद के लिए चुनाव हुआ। वहीं हसेरन में ग्राम सभा सरगौली
के उच्च प्राथमिक स्कूल में दो, मिर्जापुर प्राइमरी स्कूल में एक, व
प्राथमिक पाठशाला चटोरापुर में दो वार्डों के लिए मतदान कराया गया।