मानीमऊ(कन्नौज)। माघ पूर्णिमा पर शहर के मेहंदी घाट पर गंगा स्नान के लिए हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है। आसपास के कई जनपदों से आने वाले श्रद्धालुओं ने गंगा घाट पर डेरा डाल दिया है। मेहंदी घाट पर प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण कर सुरक्षा-व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं।
मेहंदी घाट पर गंगा में स्नान कर सुख व समृद्धि की कामना के लिए हर साल माघ पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। मान्यता है कि माघ पूर्णिमा पर इत्र और इतिहास की नगरी के गंगा घाटों पर देवता स्वयं गंगा स्नान करने आते हैं। इससे यहां काफी संख्या में भीड़ होती है। मंगलवार को माघ पूर्णिमा पर स्नान को लेकर हरदोई, औरैया, इटावा, सीतापुर के श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। मेहंदी घाट पर सीओ श्रीकांत प्रजापति और कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने सोमवार को जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए। घाट पर गहरे पानी में नहाने से रोकने के लिए पानी में बल्लियां लगाई गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाट से लेकर जीटी रोड पर मानीमऊ मोड़ तक बैरीकेडिंग की गई है। सुबह चार बजे से ही हरदोई की ओर जाने वाले बड़े वाहनों के गुजरने पर प्रतिबंध रहेगा। घाट पर लगने वाले मेले में पूजा पाठ से लेकर सौंदर्य और खिलौनों की दुकानें सजाई गई हैं। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने जगह-जगह पुलिस बल तैनात करने के साथ रोड के दोनों तरफ वाहनों की पार्किंग के निर्देश दिए हैं।
चियासर व श्रृंगीरामपुर घाट पर भी सुरक्षा के इंतजाम
माघी पूर्णिमा पर गंगा स्नान को लेकर श्रृंगीरामपुर व चियासर घाट पर भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। गंगा स्नान को जाने वाले स्नानार्थियों को किसी भी प्रकार दिक्कत न हो, इसके लिए सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। मेहंदी घाट, चियासर और श्रृंगीरामपुर घाट पर गोताखोरों को भी तैनात किया गया है।
माघ पूर्णिमा आज, मेहंदी घाट पर लगेगी पुण्य की डुबकी
प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा के किए कड़े इंतजाम,गंगा घाट से लेकर जीटी रोड तक की गई बैरीकेडिंग