कन्नौज। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 55 जोड़े बुधवार को विवाह के बंधन में बंधे। अधिकारियों ने आशीर्वाद और विवाह का सामान देकर नवयुगलों को विदा किया। सौरिख में सबसे कम एक जोड़े का विवाह हुआ।
समाज कल्याण विभाग ने बुधवार को कन्नौज के एक गेस्ट हाउस में 22 जोड़ों का विवाह कराया। कन्नौज ब्लाक के चार, नगर पालिका के दो, जलालाबाद ब्लाक के पांच, सौरिख ब्लाक के दो, हसेरन ब्लाक के एक जोड़े का विवाह कराया गया। दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह हुआ। छिबरामऊ के एक मैरिज हाल में 15 जोड़ों का विवाह कराया गया। छिबरामऊ ब्लाक के 10 और नगर पालिका क्षेत्र के पांच जोड़े शामिल हुए। तेराजाकेट के एक गेस्ट हाउस में तालग्राम ब्लाक के 13, गुरसहायगंज नगर पालिका के चार जोड़ों समेत कुल 17 जोड़ों का विवाह कराया गया। तेराजाकेट प्रतिनिधि के अनुसार आचार्य सुनील कुमार ने रस्में पूरी करवाईं। दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह हुआ। काजी हाफिज अरशद ने मीना बानो का मोहम्मद खान, आसिया बानो का मोहम्मद एजाज खां के साथ निकाह कराया। मुख्य विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी व पीडी डॉ. राम चंद्र शर्मा ने कार्यक्रम का जायजा लिया। नवदंपति को आशीर्वाद और उपहार देकर विदा किया। इस मौके पर प्रभारी बीडीओ मुनीश कुमार गौड़, शैलेंद्र द्विवेदी, कल्पना द्विवेदी, अमित दुबे, गोविंद आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
एक जोड़े का हो सका विवाह
सौरिख। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत नगर पंचायत ने कस्बे के मोहल्ला अंबेडकरनगर स्थित पानी टंकी परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया। यहां मोहल्ला अंबेडकरनगर निवासी सुरेश की पुत्री रूबी का विवाह कानपुर नगर के शिवराजपुर कस्बा निवासी अर्जुन पुत्र कलूट के साथ कराया गया। आचार्य पं. पृथ्वीनाथ चतुर्वेदी ने फेरे करवाए। नगर पंचायत अध्यक्ष संजय चतुर्वेदी ने आशीर्वाद दिया। इस दौरान अधिशासी अधिकारी दीपक शर्मा, वरिष्ठ लिपिक संजय सैनी आदि लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।