छिबरामऊ। क्षेत्र के गांव कुंवरपुर बनवारी में चोरों ने रात के समय पांच घरों को अपना निशाना बनाया। तीन घरों से चोरों ने जेवरात समेत हजारों की नगदी पार कर दी, जबकि दो घरों में चोरी में असफल रहे।
ग्राम कुंवरपुर बनवारी में रविवार की रात किसी समय अज्ञात चोरों ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मोहम्मद सलीम पुत्र मेंहदी हसन के घर पर धावा बोला। चोरों ने यहां से दो सोने के लॉकेट, एक जोड़ी कुंडल, दो नथनी, अंगूठी, चांदी की चार अंगूठी व जंजीर व नगदी पार कर दी। सुबह जब परिजन सोकर उठे और घर में सामान इधर उधर बिखरा पड़ा देख चोरी की जानकारी हुई। गांव के ही मुकुट सिंह पुत्र सरमन सिंह के दरवाजे की कुंडी काटकर चोर अंदर घुस गए और बक्से में रखी दो अंगूठी, एक जोड़ी तोड़िया सहित आलू बिक्त्रस्ी के 80 हजार रुपये चोरी कर लिए। इसके अलावा श्यामवीर पुत्र रामदत्त मिस्त्री के घर से भी चोरों ने एक जंजीर, अंगूठी, पायल, कमरबंद पेटी व पांच हजार रुपये चोरी कर लिए। इसके अलावा चोरों ने गांव के आदेश पल्लेदार पुत्र फूलचंद्र व बबलू पल्लेदार पुत्र श्रीराम के घर पर धावा बोला। यहां चोरों को कुछ भी हाथ न लग सका। एक साथ पांच घरों में हुई चोरी से पूरे गांव में दहशत व्याप्त हो गई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए गांव में पुलिस गश्त शुरू करवाए जाने की मांग की है।
4 फरवरी को आनी है सलीम की बेटी की बारात
ग्राम महमूदपुर खास स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात मोहम्मद सलीम ने बेटी सोनम का विवाह ग्राम कुदरेल इटावा से तय किया है। चार फरवरी को घर में बारात आनी है। घर में हुई चोरी के बाद से शादी की खुशियां काफूर हो गई। सोनम सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फारेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
ग्राम कुंवरपुर बनवारी में एक साथ हुई पांच घरों में चोरी की घटना के बाद पहुंचे मंडी चैकी इंचार्ज राजा दुबे ने ग्रामीणों ने चोरी के संबंध में जांच पड़ताल की। मामले को गंभीरता से लेकर पुलिस ने फारेंसिक टीम को मौके पर बुलवा लिया। शाम को पहुंची फारेंसिक टीम के सदस्यों ने चोरी के साक्ष्य जुटाए।